नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में विनफास्ट कंपनी अपनी मोबिलिटी यूनिट ग्रीन एंड स्मार्ट मोबिलिटी के जरिए पूरी तरह इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारी में है। कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में ड्राइवर पार्टनर्स की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुरुआती चरण में करीब 1,000 इलेक्ट्रिक वाहनों को सड़कों पर उतारने की योजना बनाई है। बाद में इसका विस्तार बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों तक किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी भविष्य में करीब 10,000 इलेक्ट्रिक वाहनों का बेड़ा तैयार कर सकती है, जिसमें मुख्य रूप से लिमो ग्रीन 7-सीटर इलेक्ट्रिक एमपीवी शामिल होंगी। इस नई सेवा की सबसे बड़ी खासियत कम किराया होगा। जानकारी के अनुसार, यात्रा का शुल्क लगभग 8 रुपये प्रति किलोमीटर रखा जा सकता है, जो मौजूदा टैक्सी सेवाओं की तुलना में सस्ता माना जा रहा है। कंपनी पारंपरिक एग्रीगेटर मॉडल की जगह कंपनी-स्वामित्व वाले वाहनों और प्रशिक्षित ड्राइवरों का मॉडल अपनाएगी, जिससे सेवा गुणवत्ता, मेंटेनेंस और चार्जिंग व्यवस्था पर बेहतर नियंत्रण रखा जा सकेगा। इसके अलावा, यात्रियों को सर्ज प्राइसिंग जैसी अतिरिक्त कीमतों का सामना भी नहीं करना पड़ेगा। कंपनी ड्राइवरों को 35 हजार से 40 हजार रुपये तक मासिक वेतन और अन्य सुविधाएं देने की तैयारी में है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब इलेक्ट्रिक कैब कंपनी ब्लूस्मार्ट अपने ऑपरेशन बंद कर चुकी है। ऐसे में बाजार में विश्वसनीय इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा की मांग बढ़ी है। सुदामा/ईएमएस 31 मई 2026