- बारिश से बचने आश्रय लिया था पेड़ के नीचे - मृतकों में दो नाबालिग कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरका दांड गांव के तीन युवक शनिवार शाम तेज आंधी-तूफान के दौरान एक घटित हादसा के शिकार हो गए। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े तीन युवकों पर पेड़ की भारी डाल टूटकर गिर गयी जिससे घटना स्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गयी। जानकारी के अनुसार, शनिवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था। जिले के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश और आंधी-तूफान देखा गया। शाम लगभग 5 बजे पाली क्षेत्र में भी मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान ग्राम चोरका दांड के तीन युवक शिवराम टेकाम (14 वर्ष), कमलेश बड़ा (18 वर्ष) और दिनेश तिर्की (17 वर्ष) अपना निज कार्य निपटा कर वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी तेज बारिश और आंधी से बचने के लिए तीनों एक बड़े पेड़ के नीचे रुक गए। पेड़ के नीचे खड़े होने के कुछ ही देर बाद तेज आंधी के कारण उसी पेड़ की एक बड़ी डाल टूटकर तीनों के ऊपर गिर गई। डाल इतनी भारी थी कि तीनों उसके नीचे दब गए। चीख-पुकार सुन आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। भारी मशक्कत के बाद बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया और तुरंत पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन कुदरत का यह प्रहार इतना घातक था कि एक बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, वहीं अन्य दो बच्चों की चिकित्सालय में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। ग्राम में एक साथ तीन युवकों की मृत्यु से हड़कंप मच गया और मातम पसर गया। मृतक तीनों युवक एक ही ग्राम चोरका दांड के रहने वाले थे और आपस में गहरे मित्र थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पाली थाना प्रभारी नागेश तिवाती ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। - 31 मई