- मां की हालत गंभीर, दोनों मासूमों की मौत - एक ही चिता पर दो मासूमों का शव - गिरिडीह में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार गिरिडीह (ईएमएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित तुततुको गांव से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पति के निधन के महज 17 दिन बाद एक बेबस मां ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहर खा लिया। इस दर्दनाक हादसे में पहले बेटी और फिर बेटे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि मां की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, महिला के पति चंद्रदीप महतो टंडवा की एक आउटसोर्सिंग कोल कंपनी में काम करते थे। अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण बीते 10 मई को उनका निधन हो गया था। पति की मौत के बाद से ही महिला गहरे मानसिक आघात और तनाव में डूबी हुई थी। इसी डिप्रेशन के चलते महिला ने 27 मई को अपनी 15 वर्षीय बेटी प्रियंका कुमारी और 10 वर्षीय बेटे प्रिंस कुमार के साथ विषपान कर लिया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला ने ग्लूकोज में सल्फास घोलकर पहले दोनों बच्चों को पिलाया और फिर खुद भी उसे पी लिया। भनक लगते ही ग्रामीणों ने तीनों को तुरंत बगोदर ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां से उन्हें हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान 28 मई को बेटी प्रियंका की मौत हो गई। इसके बाद गंभीर रूप से बीमार बेटे प्रिंस को रांची के रिम्स भेजा गया, लेकिन शुक्रवार को उसने भी दम तोड़ दिया। शनिवार देर शाम जब मासूम का शव गांव पहुंचा, तो पूरे माहौल में चीख-पुकार मच गई। फिलहाल आरोपी मां का इलाज रिम्स में चल रहा है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। पति को खोने का असहनीय दुख और भविष्य की चिंताओं को ही इस खौफनाक कदम की मुख्य वजह माना जा रहा है। रामयश/ईएमएस 31 मई 2026