राज्य
31-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई से घरेलू हिंसा का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक शातिर अपराधी ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी को अमानवीय यातनाएं दीं। आरोप है कि उसने पत्नी को पहले बेरहमी से पीटा, फिर करीब चार घंटे तक ‘मुर्गा’ बनाकर रखा और जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद आरसीएफ पुलिस ने आरोपी अरबाज सैयद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरसीएफ पुलिस के मुताबिक, आरोपी अरबाज सैयद का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट की और उसे घर में बंधक बनाकर रखा। आरोप है कि आरोपी हाथ में तलवार लेकर पत्नी को जान से मारने और चेहरे पर एसिड फेंकने की धमकी दे रहा था। इसके बाद उसने पत्नी को लगातार चार घंटे तक ‘मुर्गा’ बनकर रहने की सजा दी। इस बीच लगातार हो रहे अत्याचार से परेशान पीड़िता ने किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और अपनी जान बचाकर मायके पहुंच गई। लेकिन आरोपी का गुस्सा यहीं नहीं रुका। वह पत्नी का पीछा करते हुए उसके मायके तक पहुंच गया और वहां भी हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि मायके पहुंचने के बाद अरबाज सैयद ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में पीड़िता के शरीर पर चोटों के निशान और टांके साफ दिखाई दे रहे हैं। घटना से घबराए पीड़िता के परिजनों ने तुरंत आरसीएफ पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। * आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 19 मामले पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अरबाज सैयद एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में पहले से 19 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, धमकी, बंधक बनाने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पीड़िता का उपचार जारी है और मामले की जांच की जा रही है। संजय/संतोष झा- ३१ मई/२०२६/ईएमएस