राज्य
31-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के बेहद व्यस्त और भीड़भाड़ वाले भुलेश्वर इलाके में एक दुकान के बाहर लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया। बैग के बारे में सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। जानकारी के अनुसार, भुलेश्वर मार्केट क्षेत्र में एक दुकान के बाहर काफी देर से एक बैग लावारिस हालत में पड़ी हुई दिखाई दी। स्थानीय लोगों को बैग संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को खाली कराना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी मौके पर बुलाया गया। दस्ते ने विशेष उपकरणों की मदद से बैग की गहन जांच की। जांच पूरी होने तक पूरे इलाके में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। चूँकि भुलेश्वर मुंबई के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए आते हैं। ऐसे में भीड़भाड़ वाले इलाके में लावारिस बैग मिलने से लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास मौजूद लोगों को वहां से हटाया और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरा क्षेत्र खाली करा दिया। बम निरोधक दस्ते की जांच के बाद राहत की खबर सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, बैग पूरी तरह खाली थी और उसमें कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैग वहां छोड़ दी थी। हालांकि बैग खाली मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैग वहां किसने और किस उद्देश्य से छोड़ी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या लावारिस सामान दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। संजय/संतोष झा- ३१ मई/२०२६/ईएमएस