राज्य
31-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के खार पुलिस स्टेशन ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हथियार लाइसेंस का नवीनीकरण कराने के आरोप में एक 36 वर्षीय कारोबारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नागालैंड से जारी हथियार लाइसेंस को जाली दस्तावेजों की मदद से नवीनीकृत कराने और उसी लाइसेंस के आधार पर हथियार रखने का आरोप है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैज इरफान अडेनवाला के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने हथियार लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। इनमें एक नकली पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) भी शामिल था। आरोपी ने इस लाइसेंस की प्रति मुंबई पुलिस को भी जमा कराई थी। खार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट), धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि अडेनवाला ने अवैध तरीके से अपने नागालैंड से जारी हथियार लाइसेंस का नवीनीकरण कराया और उसी आधार पर हथियार अपने पास रखे। जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी ने अपने पास मौजूद हथियारों की अनिवार्य जानकारी बृहन्मुंबई पुलिस आयुक्तालय को उपलब्ध नहीं कराई थी, जो कानूनन आवश्यक है। इस लापरवाही और कथित अवैध कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 30 मई को मुंबई के बांद्रा (पूर्व) स्थित 9वीं अदालत में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपी से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच अभी जारी है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 2 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किए, लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया में और कौन-कौन शामिल था तथा आरोपी ने हथियार लाइसेंस से जुड़े नियमों का किस हद तक उल्लंघन किया है। फिलहाल खार पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। संजय/संतोष झा- ३१ मई/२०२६/ईएमएस