- एटीएम बूथ पर शातिरों ने बदला कार्ड - पिन जानकर खाते से साफ किए 47000 - जांच में जुटी पुलिस, खंगाल रही सीसीटीवी जमशेदपुर (ईएमएस)। झारखंड के जमशेदपुर अंतर्गत सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में शातिर ठगों ने एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड मशीन में फंसाकर उसके खाते से 47,000 की अवैध निकासी कर ली। यह वारदात 30 मई की है, जिसके संबंध में पीड़ित की शिकायत पर सीतारामडेरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जानकारी के अनुसार, सीतारामडेरा रेडियो मैदान के निवासी कुमुद प्रसाद पैसे निकालने के लिए स्थानीय भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम पहुंचे थे। ट्रांजैक्शन के दौरान अचानक उनका एटीएम कार्ड मशीन के स्लॉट में फंस गया। कार्ड न निकलने पर जब वह परेशान होने लगे, तभी वहां पहले से मौजूद अज्ञात ठगों ने मदद का नाटक किया। सहायता करने के बहाने उन्होंने चालाकी से कुमुद प्रसाद का पिन जान लिया और नजरें बचाकर कार्ड बदल लिया। कुमुद प्रसाद जब एटीएम से बाहर निकले, तो कुछ ही समय बाद उनके मोबाइल फोन पर खाते से 47,000 कटने का मैसेज आया। मैसेज देखते ही पीड़ित के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी बैंक और पुलिस को दी। मामले की तफ्तीश में जुटी सीतारामडेरा थाना पुलिस एटीएम बूथ और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से जारी है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि एटीएम में कार्ड फंसने पर किसी भी अजनबी की मदद न लें और अपना पिन हमेशा गोपनीय रखें। रामयश/ईएमएस 31 मई 2026