मुंबई (ईएमएस)। देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट बदली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। मुंबई और उत्तर प्रदेश दोनों जगह हुई बारिश और आंधी ने पारा गिरा दिया है। रविवार सुबह मुंबईकरों को तब सुखद आश्चर्य हुआ जब शहर के कई निचले इलाकों में अचानक 10-15 मिनट की तेज बारिश हुई। कुर्ला, चेंबूर, सायन और घाटकोपर जैसे क्षेत्रों में हुई बौछार ने भले ही कुछ देर के लिए हल्का जलजमाव किया, लेकिन चिलचिलाती गर्मी से तुरंत राहत दे दी। वहीं, उत्तरप्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 58 जिलों के लिए आंधी, तेज हवाओं (40-70 किमी/घंटा) और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, रविवार को भी प्रदेश में मौसम सक्रिय रहेगा। बादलों और बारिश की सक्रियता के चलते बुंदेलखंड समेत पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे लू से बड़ी राहत मिली है। आशीष दुबे / 31 मई 2026