नई दिल्ली (ईएमएस)। नई दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई, जिसमें दो लोगों की दुखद मौत हुई और कई अन्य घायल है। हादसे के बाद से साउथ दिल्ली के सैदुलाजाब इलाके में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य जारी है। घटना में कुल 10 घायलों को अस्पताल लाया गया। इसमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है, जबकि छह अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है। अस्पताल प्रशासन ने पुष्टि की कि दो लोगों को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। यह इमारत साकेत मेट्रो स्टेशन के पास महरौली थाना इलाके में ढही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत गिरने से कुछ क्षण पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद धूल और मलबे का विशाल गुबार पूरे इलाके में फैल गया। जिस पांच मंजिला इमारत का ढांचा ढहा, वह एक व्यावसायिक इमारत थी जिसमें कई दफ्तर थे। गनीमत रही कि शनिवार होने के कारण सभी कार्यालय बंद थे, जिससे एक बड़ी संख्या में लोग इस हादसे की चपेट में आने से बच गए। ढहती हुई इमारत पास की ही एक दूसरी बिल्डिंग पर जा गिरी, जिसके नीचे बनी कैंटीन में उस वक्त कुछ छात्र खाना खा रहे थे। ये छात्र विदेश से एमबीबीएस करके लौटे थे और भारत की मेडिकल परीक्षा की तैयारी के लिए बगल वाली लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे थे। कैंटीन पूरी तरह मलबे के ढेर में तब्दील हो गई और वहीं कुछ छात्र दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा को शाम 7:44 बजे सूचना मिली और तुरंत सात दमकल गाड़ियों सहित पुलिस, एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन में बचाव दलों ने मलबे से 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, लेकिन अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका को देखकर सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के अन्य भवनों की भी जांच शुरू कर दी है ताकि किसी संभावित खतरे का आकलन किया जा सके। आशीष दुबे / 31 मई 2026