- कलालपुरा-पीपलबे के ग्रामीण 5 किमी दूर से ला रहे पानी, सड़क पर बर्तन लेकर बैठी महिलाएं राजगढ़(ईएमएस)l ब्यावरा और राजगढ़ के बीच रविवार दोपहर कलालपुरा और पीपलबे गांवों के ग्रामीणों ने पेयजल संकट के विरोध में राजगढ़-ब्यावरा हाईवे-52 पर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांवों में कई दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। नलों में पानी नहीं आ रहा है और हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच इस स्थिति ने ग्रामीण इलाकों की खराब पेयजल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी भारी नाराजगी थी कि गांव से कुछ ही दूरी पर मोहनपुरा बांध मौजूद है, फिर भी उन्हें पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल पानी की कमी नहीं, बल्कि जलप्रदाय व्यवस्था की नाकामी है। हम पेयजल के लिए भटक रहे हैं। भीषण गर्मी के 5 किलोमीटर दूर से पानी ला रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं सिर पर खाली मटके लेकर हाईवे पर बैठ गईं, जबकि पुरुषों ने सड़क के बीच बैठकर नारेबाजी की। उन्होंने पेयजल संकट के तत्काल समाधान की मांग की। हाईवे पर अचानक जाम लगने से ट्रक, बस, कार और दोपहिया वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं, जिससे यात्रियों को तेज धूप में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। - हाईवे पर दोनों ओर लगा जाम। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और देहात थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द पेयजल व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। निखिल /राजगढ़, ३१ मई, २०२६