क्षेत्रीय
31-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में अवैध हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को टिकरापारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुर्गापारा संतोषी नगर और सरजू बांधा तालाब क्षेत्र में कुछ युवक चाकू लहराकर लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश जोशी (23 वर्ष) निवासी संतोषी नगर और इरफान रजक उर्फ आकिब (23 वर्ष) निवासी संजय नगर, टिकरापारा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 467/2026 और 468/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में चाकूबाजी और अवैध हथियारों से जुड़े अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार सघन पेट्रोलिंग और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आम नागरिकों को आतंकित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/31 मई 2026