राज्य
31-May-2026


भोपाल(ईएमएस)। भोपाल विलयनीकरण दिवस के अवसर पर भोपाल गौरव आज़ादी दिवस का आयोजन सोमवार, 1 जून को प्रातः 9:30 बजे भोपाल गेट स्थित विलयनीकरण द्वार पर किया जाएगा। कार्यक्रम में भोपाल के भारत संघ में विलय के लिए हुए संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए विभिन्न आयोजन संपन्न होंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत सांसद आलोक शर्मा के नेतृत्व में भाजपा जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति, महापौर श्रीमती मालती राय एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भोपाल विलयनीकरण द्वार पर झंडा वंदन एवं राष्ट्रगान किया जाएगा। इसके पश्चात आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ विलीनीकरण आंदोलन के बलिदानियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही विलीनीकरण आंदोलन से जुड़े सेनानियों के परिजनों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर भोपाल विलीनीकरण आंदोलन के संघर्ष और ऐतिहासिक घटनाओं से संबंधित दुर्लभ चित्रों एवं दस्तावेजों की प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया जाएगा। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को भोपाल के गौरवशाली इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण अध्याय से परिचित कराया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत विलीनीकरण आंदोलन के प्रमुख केंद्र रहे जुमेराती पोस्ट ऑफिस पर भी झंडा वंदन किया जाएगा तथा मिष्ठान वितरण कर भोपाल गौरव आज़ादी दिवस की खुशियां मनाई जाएंगी। यह आयोजन भोपाल के भारत में विलय हेतु संघर्ष करने वाले वीर सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन करने तथा नई पीढ़ी को उस गौरवशाली इतिहास से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। हरि प्रसाद पाल /31 मई, 2026