राज्य
31-May-2026
...


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल नगर के तत्वावधान में रविवार को प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का जिलेभर के सभी मंडलों एवं बूथों पर सामूहिक श्रवण किया गया। प्रदेश शासन के मंत्री, पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों सहित नागरिकों ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम को सुनकर प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात किया। जिला अध्यक्ष एवं एमआईसी सदस्य रविंद्र यति ने बताया कि भोपाल जिले के प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बूथ समितियों एवं मंडल पदाधिकारियों द्वारा बैठकें भी आयोजित की गईं, जिनमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण एवं जनसंपर्क अभियानों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य कार्यक्रम अरेरा मंडल के बूथ क्रमांक 182, वार्ड क्रमांक 45 स्थित राम रसोई, बिट्टन मार्केट में आयोजित किया गया, जहां मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं मध्य विधानसभा के पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह ने क्षेत्रीय नागरिकों, किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं भाजपा पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन में सेवा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, जल संरक्षण, जनभागीदारी एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े अनेक प्रेरणादायक विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने देशवासियों से समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों को सकारात्मक कार्यों, सामाजिक दायित्वों और राष्ट्र निर्माण के अभियान से जोड़ने वाला प्रेरणास्रोत बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए प्रेरक प्रसंग समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में अरेरा मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित, वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील पांडे, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती गुंजन चौकसे, अमन यादव, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता, सुमित पांडे, हरिओम खटीक, पार्षद श्रीमती शिखा गोहिल किसान मोर्चा केरत्नेश सहित किसान मोर्चा के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल /31 मई, 2026