व्यापार
01-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रीमियम 7-सीटर एसयूवी सेगमेंट में एमजी मोटर की नई एमजी मेजेस्टर और जीप मेरिडियन के बीच भारतीय बाजार में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। हाल ही में एमजी मेजेस्टर लॉन्च हुई है और इसे सीधे टोयोटा फॉर्च्यूनर को चुनौती देने वाली एसयूवी माना जा रहा है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 40.99 लाख रुपये है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत 44.99 लाख रुपये तक जाती है। दूसरी ओर, जीप मेरिडियन की शुरुआती कीमत 23.33 लाख रुपये है और इसका टॉप मॉडल करीब 38 लाख रुपये तक पहुंचता है। एमजी मेजेस्टर आकार में काफी बड़ी और ज्यादा प्रीमियम मानी जा रही है। इसमें बड़ा केबिन, डुअल 12.3 इंच स्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स और प्रीमियम साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं। वहीं जीप मेरिडियन का डिजाइन ज्यादा रग्ड और ऑफ-रोडिंग फोकस वाला है। हालांकि इसका इंटीरियर भी प्रीमियम है, लेकिन मेजेस्टर की तुलना में कम स्पेशियस माना जा रहा है। फीचर्स और सेफ्टी के मामले में भी एमजी मेजेस्टर आगे दिखाई देती है। इसमें लेवल-2 एडीएएस, 360 डिग्री कैमरा, मल्टी टेरेन मोड्स और कई आधुनिक टेक्नोलॉजी फीचर्स दिए गए हैं। दोनों एसयूवी में 6 एयरबैग्स और एडवांस सेफ्टी सिस्टम मौजूद हैं। इंजन की बात करें तो मेजेस्टर में 2.0 लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन मिलता है, जो 215 पीएस की पावर और 478 एनएम टॉर्क पैदा करता है। वहीं जीप मेरिडियन का 2.0 लीटर डीजल इंजन 172 पीएस की पावर देता है। सुदामा/ईएमएस 01 जून 2026