व्यापार
01-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय बाजार में हुंडई मोटर इंडिया की हुंडई ऑरा सीएनजी कार तेजी से लोकप्रिय हो रही है। हुंडई ऑरा सीएनजी की बिक्री लगातार बढ़ रही है। कंपनी के अनुसार वित्त वर्ष 2026 के दौरान ऑरा सीएनजी की 62,612 यूनिट बिकीं। हर महीने इसकी 5000 से ज्यादा यूनिट की बिक्री हो रही है। ऑरा सीएनजी को सेडान सेगमेंट की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली कारों में गिना जा रहा है। कंपनी का दावा है कि इसका रियल वर्ल्ड माइलेज लगभग 30 किलोमीटर प्रति किलोग्राम तक पहुंचता है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.98 लाख रुपये रखी गई है। कार में 1.2 लीटर कप्पा पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे 5 स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ पेश किया गया है। पेट्रोल इंजन 83 पीएस की पावर और 113.8 एनएम टॉर्क जनरेट करता है। वहीं सीएनजी वर्जन 69 पीएस की पावर और 95.2 एनएम टॉर्क देता है। कंपनी इस कार पर 3 साल या 1 लाख किलोमीटर की वारंटी भी दे रही है। फीचर्स की बात करें तो ऑरा फेसलिफ्ट में 8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, क्रूज कंट्रोल, रियर एसी वेंट, कूल्ड ग्लव बॉक्स और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा एलईडी डीआरएल और कनेक्टेड एलईडी टेल लैंप भी मिलते हैं। सुरक्षा के लिहाज से कंपनी ने इसमें 30 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स शामिल किए हैं। कार में स्टैंडर्ड तौर पर 4 एयरबैग और विकल्प के रूप में 6 एयरबैग दिए गए हैं। इसके साथ इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट और हिल असिस्ट कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं। ग्राहक एक्सटेंडेड वारंटी पैकेज लेकर इसकी वारंटी 7 साल तक बढ़ा सकते हैं। मालूम हो कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच ग्राहक अब ज्यादा माइलेज और कम खर्च वाली कारों को प्राथमिकता दे रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 01 जून 2026