बुलढाणा, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के नांदुरा-मलकापुर रेलमार्ग पर महाराष्ट्र एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला और उसकी 15 बकरियों की मौत हो गई। यह हादसा रविवार शाम खामगांव-बुरटी रेलवे स्टेशन के पास हुआ। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खामगांव-बुरटी क्षेत्र की निवासी 58 वर्षीय लताबाई सांगलकर रोज की तरह अपनी बकरियों को चराने के लिए घर से निकली थीं। शाम के समय उन्हें पता चला कि उनकी कुछ बकरियां रेलवे ट्रैक की ओर चली गई हैं। बकरियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए वह रेलवे लाइन के पास पहुंचीं। इसी दौरान तेज गति से महाराष्ट्र एक्सप्रेस उस रेलमार्ग से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन के आने का अंदाजा लगने से पहले ही लताबाई ट्रेन की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय रेलवे ट्रैक पर मौजूद उनकी 15 बकरियां भी ट्रेन की चपेट में आ गईं और उनकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनावपूर्ण और भावुक माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, लताबाई सांगळकर अपने परिवार का महत्वपूर्ण सहारा थीं। उनके अचानक निधन से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने घटना के बाद लोगों से रेलवे ट्रैक के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे लाइन पार करते समय या पशुओं को ट्रैक के आसपास ले जाते समय पूरी सतर्कता आवश्यक है। छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। संतोष झा- ०१ जून/२०२६/ईएमएस