क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


बालोद(ईएमएस)। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के करहीभदर गांव का है, जहांदेर रात दो नकाबपोश चोरों ने दो मेडिकल दुकानों को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर करीब 52 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, देर रात दो नकाबपोश युवक मेडिकल दुकानों के पास पहुंचे और शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक आरोपी दुकान के भीतर प्रवेश करता है, जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहता है ताकि किसी के आने-जाने पर सतर्क रह सके। चोरी के दौरान दुकान के अंदर मौजूद आरोपी नकदी और अन्य सामान समेटकर एक बक्से में भरता है। इसके बाद वह बक्सा लेकर बाहर निकलता है और दोनों आरोपी शटर बंद कर मौके से फरार हो जाते हैं। पीड़ित व्यापारियों के मुताबिक, चोर दुकान से करीब 52 हजार रुपये नकद के अलावा चांदी के जेवरात भी अपने साथ ले गए। सुबह दुकान खोलने पर चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों की तलाश जारी है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01 जून 2026