पटना, (ईएमएस)। पटना जिले में रविवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। फतुहा और खुशरूपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित एक होटल के समीप अज्ञात बदमाशों ने युवक को घेरकर उस पर गोली चला दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, हालांकि उसने साहस का परिचय देते हुए घायल अवस्था में ही करीब 5 किलोमीटर तक मोटरसाइकिल चलाकर पुलिस तक पहुंचने में सफलता हासिल की। घायल युवक की पहचान नालंदा जिले के निवासी 27 वर्षीय विकास कुमार उर्फ सिकंदर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विकास किसी निजी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके बाएं हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने के बावजूद विकास ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी मोटरसाइकिल से करीब 5 किलोमीटर का सफर तय कर एक पुलिस वाहन तक पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल उसे फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी। अतिरिक्त थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि घायल युवक के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए थे। फिलहाल पुलिस हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संतोष झा- ०१ जून/२०२६/ईएमएस