- चांदी के गुड डिलीवरी मानकों में भी किया गया संशोधन नई दिल्ली (ईएमएस)। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) ने सोमवार को सिल्वर 100 नामक एक नया वायदा अनुबंध शुरू किया है। इसका उद्देश्य खुदरा निवेशकों और छोटे सर्राफा कारोबारियों को 100 ग्राम जैसी कम मात्रा में चांदी में निवेश का अवसर प्रदान करना है। यह अनुबंध एमसीएक्स के मौजूदा चांदी वायदा अनुबंधों (30 किलोग्राम, पांच किलोग्राम और एक किलोग्राम) में एक नया आयाम जोड़ेगा। एमसीएक्स की एक अधिकारी के अनुसार सिल्वर 100 वायदा अनुबंध भारत के चांदी उद्योग से जुड़े व्यवसायों को कीमतों में उतार-चढ़ाव से बचाने में मदद करेगा, जिससे स्थानीय आभूषण व्यवसाय छोटी मात्रा में हेजिंग कर सकेंगे। यह छोटे एवं मझोले उद्यमों (एसएमई) और खुदरा निवेशकों के लिए पूंजी की आवश्यकता को कम करने के उद्देश्य से भी तैयार किया गया है। एक्सचेंज ने चांदी के गुड डिलीवरी मानकों में भी संशोधन किया है, जिसका लक्ष्य घरेलू पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना और चांदी के आयात पर निर्भरता कम करना है। सतीश मोरे/01जून ---