व्यापार
01-Jun-2026


- मजबूत मांग और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का असर, पर लागत बढ़ने से मुनाफे पर दबाव नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत का विनिर्माण क्षेत्र मजबूत मांग, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और नए कारोबार के दम पर मई में तीन महीने के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सोमवार को जारी मासिक सर्वेक्षण के अनुसार, एचएसबीसी इंडिया विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) अप्रैल के 54.7 से बढ़कर 55.0 हो गया, जो पिछले तीन महीनों में क्षेत्र की स्थिति में सबसे मजबूत सुधार को दर्शाता है। पीएमआई में 50 से ऊपर का अंक विस्तार का सूचक है। विनिर्माण कंपनियों ने फरवरी के बाद सबसे तेज गति से नए ऑर्डर और उत्पादन में वृद्धि दर्ज की। इस विस्तार का मुख्य श्रेय घरेलू बाजार को मिला, जबकि निर्यात ऑर्डर में वृद्धि थोड़ी धीमी रही। हालांकि, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण ऊर्जा, ईंधन और कच्चे माल पर लागत का दबाव बना रहा, जिससे निर्माताओं के मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका है। उच्च लागत के बावजूद, कंपनियों ने भविष्य की जरूरतों और एहतियाती भंडारण के लिए मई में अधिक कच्चा माल खरीदा, जो तीन महीने का उच्च स्तर रहा। उत्पादन की बढ़ती जरूरतों ने रोजगार सृजन को भी जारी रखा, हालांकि इसकी गति अप्रैल की तुलना में कुछ धीमी रही। व्यापारिक भरोसा सकारात्मक बना हुआ है, कंपनियों को उम्मीद है कि साल के अंत तक लागत का दबाव कम होगा और मजबूत ऑर्डर बुक विकास को गति देगी। सतीश मोरे/01जून ---