- विटामिन डी3, मधुमेह, हृदय रोग और प्रत्यारोपण से जुड़ी दवाओं के फॉर्मूलेशन शामिल नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने 30 दवा फॉर्मूलेशन की खुदरा कीमतें निर्धारित कर दी हैं। इन दवाओं में कोलेकैल्सिफेरॉल (विटामिन डी3) ओरल सॉल्यूशन, कैल्शियम सप्लीमेंट, मधुमेह-रोधी, हृदय रोग और इम्यूनोसप्रेसेंट थेरेपी से जुड़ी दवाएं शामिल हैं। यह कदम औषधि (मूल्य नियंत्रण) आदेश, 2013 (डीपीसीओ) के तहत नई दवाओं के लिए उठाया गया है, जिससे मरीजों को सस्ती दवाएं मिलने और बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। जारी अधिसूचना के अनुसार, कोलेकैल्सिफेरॉल (विटामिन डी3) 60,000 आईयू- नैनो ड्रॉपलेट ओरल सॉल्यूशन की खुदरा कीमत 14.91 रुपये प्रति मिलीलीटर तय की गई है। कैल्शियम, विटामिन डी3, मिथाइलकोबालामिन, एल-मिथाइलफोलेट कैल्शियम और पाइरिडोक्सल-5-फॉस्फेट जैसे अन्य आवश्यक सप्लीमेंट्स की कीमतें भी निर्धारित की गई हैं। पुरानी बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली एटोरवास्टैटिन और फेनोफाइब्रेट टैबलेट (18.46 रुपये प्रति टैबलेट), बिलास्टिन और मोंटेलुकास्ट टैबलेट (21.22 रुपये प्रति टैबलेट) तथा बिसोप्रोलोल फ्यूमरेट के साथ एम्लोडिपाइन टैबलेट (9.40 रुपये प्रति टैबलेट) की कीमतें भी तय हुई हैं। मधुमेह सेगमेंट में, एम्पाग्लिफ्लोज़िन, सिटाग्लिप्टिन और मेटफॉर्मिन एक्सटेंडेड रिलीज़ टैबलेट की कीमत 14.88 रुपये प्रति टैबलेट रखी गई है, जबकि सिटाग्लिप्टिन, ग्लिमेपिराइड और मेटफॉर्मिन टैबलेट की कीमत 11.91 रुपये प्रति टैबलेट तय हुई है। अंग प्रत्यारोपण में इस्तेमाल होने वाले टैक्रोलिमस प्रोलोंगड रिलीज़ कैप्सूल 3 मिलीग्राम की कीमत 127 रुपये प्रति कैप्सूल होगी। तय की गई खुदरा कीमतों में वस्तु एवं सेवा कर शामिल नहीं है। एनपीपीए ने निर्माताओं को इन अपडेटेड कीमतों को इंटीग्रेटेड फार्मास्युटिकल डाटाबेस मैनेजमेंट सिस्टम (आईपीडीएमएस) के माध्यम से जमा करने और खुदरा विक्रेताओं को अपने कारोबारी ठिकानों पर मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है। आदेश का उल्लंघन करने पर अधिक वसूली गई राशि पर ब्याज सहित जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सतीश मोरे/01जून ---