क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। विकास भवन सभागार कक्ष में माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं इंटर परीक्षा-2026 के जनपद स्तरीय मेधावी छात्राओं के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, इस गौरवमयी कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन की शीर्ष अधिकारियों और शिक्षा विभाग के समन्वय से मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी अभूतपुर्व सफलता पर सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक मनीष असीजा, मेयर कामिनी राठौर, ब्लॉक प्रमुख डॉ0 लक्ष्मी नारायण यादव ने शिरकत की, वहीं प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य एवं अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर उन्हें बधाई दी, साथ ही उनका मार्गदर्शन भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय सदस्य विधायक मनीष असीजा ने कहा कि आज जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार देखने को मिल रहा है, हमारे छात्र-छात्राओं का उनकी कड़ी परिश्रम का उचित मुकाम हासिल हो रहा है, उन्होंने जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों से अपील की है कि वह समय-समय पर इन मेधावी विद्यार्थियों की काउंसलिंग करें, ताकि यह प्रतिभाशाली बच्चे सही मार्गदर्शन पाकर अपने जीवन में एक बेहतर और स्वर्णिम करियर का चुनाव कर सकें। मेयर कामिनी राठौर और ब्लॉक प्रमुख डॉ0 लक्ष्मी नारायण यादव ने भी मंच से सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को मन से बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इन बच्चों ने न सिर्फ अपने माता-पिता का बल्कि पूरे फिरोजाबाद जनपद का नाम रोशन किया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि हाई स्कूल की मेरिट में जनपद में 15वां पायदान (67वें से 52वें स्थान पर) की छलांग लगाई है, वही इंटरमीडिएट पर भी 7वां पायदान का सुधार दर्ज किया गया है, इसके लिए उन्होंने शिक्षकों को बधाई दी, इन परीक्षाओं में बेटियों की शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए, जिलाधिकारी ने कहा कि यह उनकी निष्ठा और समर्पण का परिणाम है, जो यह ब्यां कर रहा है, कि अब बेटियों को शिक्षा का अनुकूल माहौल मिल रहा है, इसी कारण उनके अंदर की छिपी प्रतिभा निकलकर सामने आ रही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतरता का मूल मंत्र दिया और उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जिलाधिकारी ने बच्चों को सचेत भी किया कि वह सोशल मीडिया के भंवर जाल में न फंसें, इसकी बजाय अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में अपने ज्ञानवर्धक हेतु करें। इस सम्मान समारोह में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की जनपद स्तर पर टॉप टेन की सूची में स्थान पाने वाले मेधावियों को 21 हजार का चेक व प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया, हाई स्कूल के सम्मानित होने वाले मेधावियों में प्रमुख रहें, कीर्ति अनमोल सिंह, दीपक कुमार, विशाल कुमार, नव्या, भरतकांत, खुशी, अस्मित, आयुष्मान और कुशाग्र यादव जबकि, इंटरमीडिएट के मेधावीयों में प्रमुख रहें, गुनगुन, अंकित, रोहित, वर्तिका, आर्यांशी, गौरी, नित्या, दीक्षा, मानवेंद्र सिंह और आलिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया, इस प्रकार यह सम्मान समारोह जिले की मेधावियों का हौसला बढ़ाने और उन्हें भविष्य के लिए एक जिम्मेदार अनुशासित व बहुआयामी नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ, इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों की प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे। - ईएमएस फिरोजाबाद