अंतर्राष्ट्रीय
01-Jun-2026


कोलंबो (ईएमएस)। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के बाहरी इलाके मीगोडा में बौद्ध पर्व वेसाक का जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब नशे में धुत एक पिकअप चालक ने त्यौहार मना रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात को हुई, जब वाहन वार्षिक वेसाक समारोह के तहत सड़क किनारे लगी खाने की दुकानों पर इंतजार कर रहे लोगों के बीच जा घुसा। मरने वालों में 35 से 38 वर्ष की आयु के तीन पुरुष और 15 से 56 वर्ष की आयु की तीन महिलाएं शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 13 लोगों, जिनमें एक शिशु भी शामिल है, को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 42 वर्षीय चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था, लेकिन कुछ दूरी पर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि वह शराब के नशे में था। वेसाक बौद्ध अनुयायियों का महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है, जो भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की स्मृति में मई माह की पहली पूर्णिमा को मनाया जाता है। आशीष दुबे / 01 जून 2026