अंतर्राष्ट्रीय
01-Jun-2026


-दुल्हन छह घंटे तक मलबे में फंसी रही, शादी की खुशियां मातम में बदलीं वाशिंगटन,(ईएमएस)। शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं, जब भारतीय मूल के पायलट की हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में हुआ, जहां नवविवाहित जोड़ा विवाह समारोह के बाद हेलिकॉप्टर से यात्रा पर निकला था। दुर्घटना में दुल्हन गंभीर रूप से घायल हो गई और करीब छह घंटे तक मलबे में फंसी रही। जानकारी के अनुसार, डेव फिजी और जेस्नी का विवाह 29 मई शुक्रवार को डॉसनविल स्थित एक वेडिंग वेन्यू में संपन्न हुआ था। समारोह में करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे। शादी के बाद दोनों हेलिकॉप्टर से अटलांटा के लिए रवाना हुए, लेकिन उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही हेलिकॉप्टर घने जंगल वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में डेव फिजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जेस्नी घायल अवस्था में मलबे के बीच फंसी रहीं। कठिन भूभाग और घने जंगलों के कारण राहत एवं बचाव दल को दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में कई घंटे लग गए। बाद में जेस्नी को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। परिवार के अनुसार, उन्हें कई जगह चोटें आई हैं, लेकिन कोई हड्डी नहीं टूटी है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। डेव फिजी के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि उनके बेटे ने उड़ान से पहले खराब मौसम को लेकर चिंता जताई थी। उस समय इलाके में घना कोहरा और बारिश थी, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी। हालांकि हेलिकॉप्टर पायलट द्वारा सुरक्षित उड़ान का भरोसा दिए जाने के बाद यात्रा शुरू की गई। परिवार के अनुसार, डेव बचपन से पायलट बनने का सपना देखता था और कड़ी मेहनत के बाद उसने यह लक्ष्य हासिल किया। वह एक प्रमुख एयरलाइन में फर्स्ट ऑफिसर के रूप में कार्यरत था और उड़ान के प्रति बेहद समर्पित था। डेव फिजी का परिवार मूल रूप से अर्नाकुलम जिले से संबंध रखता है, जबकि जेस्नी का परिवार एलप्पुझा का रहने वाला है। हादसे की जांच अमेरिकी एजेंसी एनटीएसबी कर रही है। दुर्घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं किया गया है और शुरुआती जांच रिपोर्ट अगले कुछ सप्ताह में आने की संभावना है। यह दर्दनाक घटना उस परिवार के लिए गहरे सदमे का कारण बन गई है, जो कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां मना रहा था। हिदायत/ईएमएस 01जून26