तेलअवीव,(ईएमएस)। इजरायल ने लेबनान में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमला करने का आदेश दे दिया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने सेना को बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियेह में लक्षित ठिकानों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान और पीएम नेतन्याहू के पोस्ट के अनुसार, यह कार्रवाई इजरायली शहरों पर हिज्बुल्लाह के लगातार हमलों और संघर्षविराम के उल्लंघन के जवाब में की गई है। नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि हिज्बुल्लाह द्वारा इजरायली नागरिकों को निशाना बनाने के बार-बार हो रहे प्रयासों का यह सीधा जवाब है। इस बीच, लेबनान को इजरायली हमलों में भारी नुकसान उठाना पड़ा है। लेबनान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दक्षिणी लेबनान के ब्रैकाआ कस्बे में एक इजरायली ड्रोन हमले में दो लोग मारे गए, जबकि पास के तूल कस्बे में हुए एक अन्य ड्रोन हमले में एक सीरियाई नागरिक की जान चली गई। इसके अलावा, लितानी नदी के उत्तर में स्थित कफरसीर कस्बे में रातभर हुए हमलों में तीन और लोग मारे गए। इन बढ़ती सैन्य कार्रवाइयों के बीच, लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने शांति वार्ता पर जोर दिया है। उन्होंने अमेरिका के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने और हिज्बुल्लाह के करीबी माने जाने वाले संसद के स्पीकर नबीह बेरी से सहमति लेने की कोशिश की। एक रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि बेरी ने यह दावा किया कि वह युद्धविराम के लिए हिज्बुल्लाह की प्रतिबद्धता की गारंटी दे सकते हैं, लेकिन इसकी पहली शर्त यह है कि इजरायल पहले गोलीबारी बंद करे। तनावपूर्ण स्थिति में दोनों पक्षों के बीच सैन्य कार्रवाई जारी है, जबकि राजनयिक प्रयास भी जारी हैं। आशीष दुबे / 01 जून 2026