सर्वसम्मति से निर्विरोध चयन, संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद मंडला (ईएमएस)। मध्य प्रदेश पंचायत सचिव संगठन जिला मंडला को नया नेतृत्व मिल गया है। संगठन की जिला स्तरीय बैठक में अभिषेक शर्मा को सर्वसम्मति से निर्विरोध जिला अध्यक्ष तथा शैलेंद्र चंद्रोल को जिला उपाध्यक्ष चुना गया। संगठन के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं जिले भर के पंचायत सचिवों की उपस्थिति में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष मनोहर मरावी ने की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं प्रदेश संगठन मंत्री बाल किशन यादव, प्रदेश सह संयोजक माखन उईके, संभाग अध्यक्ष विजय यादव सहित जिले के सभी विकासखंडों के ब्लॉक अध्यक्ष और सचिव मौजूद रहे। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के चयन पर संगठन के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद अभिषेक शर्मा ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताया तथा पंचायत सचिवों की समस्याओं के समाधान, संगठन की मजबूती और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत एवं प्रभावशाली बनाते हुए पंचायत सचिवों की मांगों और समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी तथा पंचायत सचिवों से जुड़े मुद्दों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित हो सकेगा। अंत में संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अभिषेक शर्मा और शैलेंद्र चंद्रोल को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। ईएमएस/मोहने/ 01 जून 2026