15 दिनों से जल आपूर्ति को लेकर ग्रामीण परेशान, मंडला-डिंडौरी मार्ग बाधित, आश्वासन पर भी नहीं माने ग्रामीण मंडला (ईएमएस)। जिले की खुड़िया ग्राम पंचायत के रसियादोना गांव में सोमवार को पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने खाली बर्तन लेकर मंडला-डिंडौरी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति बाधित है। 15 दिन से आपूर्ति बंद रसियादोना निवासी सुनीता काकोडिया ने बताया कि मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही गांव की जलापूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन पिछले लगभग 15 दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है। पूरे गांव के लिए केवल एक हैंडपंप ही सहारा है, जिससे कुछ देर साफ पानी आने के बाद गंदा पानी निकलने लगता है। ग्रामीण इसी पानी को छानकर उपयोग करने को मजबूर हैं। दो दिन में लाइन सुधारने का आश्वासन प्रदर्शन की सूचना मिलने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के कार्यपालन यंत्री मनोज भास्कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और सड़क निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों से बातचीत की। विभाग ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन प्रभावित हुई है और कंपनी ने दो दिनों के भीतर पाइपलाइन सुधारने का आश्वासन दिया है, जिसके बाद पेयजल आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। नहीं माने ग्रामीण विभागीय अधिकारियों के इस आश्वासन से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना है कि वे लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे हैं और केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं होती, तब तक धरना और चक्का जाम समाप्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल, मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों को समझाने का प्रयास जारी है, जबकि मुख्य मार्ग पर यातायात अभी भी प्रभावित बना हुआ है। ईएमएस/मोहने/ 01 जून 2026