क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


ग्रामीणों के विरोध के बीच प्रशासन ने संभाला मोर्चा, संवाद के बाद चुटका परियोजना का सीमांकन कार्य शुरू। नारायणगंज (ईएमएस)। चुटका परियोजना के अंतर्गत ग्राम मानेगांव में प्रस्तावित कॉलोनी निर्माण हेतु चिन्हित भूमि के सीमांकन कार्य के दौरान रविवार को ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुटका परियोजना एवं राजस्व विभाग की टीम भूमि सीमांकन के लिए ग्राम मानेगांव पहुंची थी। सीमांकन कार्य प्रारंभ होने से पहले ही ग्रामीणों ने उग्र विरोध जताते हुए कार्य रुकवा दिया। सूचना मिलते ही तहसीलदार नारायणगंज हरि सिंह धुर्वे तथा थाना टिकरिया प्रभारी प्रदीप पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को ग्राम पंचायत मानेगांव में एकत्रित कर उनकी समस्याएं एवं आपत्तियां सुनीं। तहसीलदार द्वारा ग्रामीणों की शिकायतों एवं मांगों के संबंध में आवेदन प्राप्त किए गए तथा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। प्रशासन द्वारा समझाइश और संवाद के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके पश्चात भूमि सीमांकन का कार्य पुनः प्रारंभ कराया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग की सक्रिय भूमिका से स्थिति नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। ग्रामीणों एवं प्रशासन के बीच सकारात्मक चर्चा के बाद सीमांकन कार्य शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं एवं मांगों पर नियमानुसार विचार कर उचित कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/मोहने/ 01 जून 2026