क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


आवासीय पट्टे पर मकान निर्माण के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार - लेखपाल पर 10 से 15 हजार रुपये मांगने और बुलडोजर चलवाने की धमकी देने का आरोप फतेहपुर (ईएमएस)। असोथर थाना क्षेत्र के धरमपुर सातो गांव के ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि आवासीय पट्टे की जमीन पर मकान निर्माण की अनुमति देने के नाम पर अवैध धनराशि की मांग की जा रही है और पैसा न देने पर निर्माण कार्य रुकवाने तथा बुलडोजर चलवाने की धमकी दी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2002 में ग्राम पंचायत द्वारा उन्हें आवासीय पट्टे आवंटित किए गए थे। कई परिवार इन पट्टों पर मकान बनाकर निवास कर रहे हैं, जबकि अनेक गरीब और भूमिहीन परिवार अब भी कच्चे मकानों और छप्परों में जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसे परिवार अब अपने पट्टे की भूमि पर पक्का मकान बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल राम प्रकाश मकान निर्माण की अनुमति देने के बदले 10 से 15 हजार रुपये तक की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जो लोग रुपये देने में असमर्थ हैं, उन्हें मकान न बनाने देने और निर्माण गिरवाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ितों ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के साथ आवासीय पट्टों से संबंधित दस्तावेज एवं रसीदों की प्रतियां भी संलग्न की हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा गरीब परिवारों को अपने आवासीय पट्टों पर बिना किसी बाधा के मकान निर्माण की अनुमति दिलाई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से पट्टे की भूमि पर रह रहे हैं और अब पक्का आवास बनाकर अपने परिवार के लिए सुरक्षित आशियाना तैयार करना चाहते हैं, लेकिन कथित रूप से प्रशासनिक स्तर पर उत्पन्न की जा रही बाधाओं से परेशान हैं। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने वालों में नन्कू, सुमन देवी, चंदावती, रामशरण, करन, श्यामलाल, केशनपाल, सुखराम, जागेश्वर, अनीता, सावित्री, रामखेलावन, छंग्गा, रामकिशोर, महावीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। शीबू खान / ईएमएस 01 जून, 2026