रायपुर (ईएमएस)। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 1 अंतर्गत भनपुरी स्थित जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन ने जानकारी दी है कि क्षेत्र की पुरानी एवं नई दोनों पानी टंकियों में जलभराव किया जा रहा है। साथ ही टेल एंड क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए टैंकरों के माध्यम से पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जा रहा है। निगम के अनुसार भनपुरी स्थित पुरानी पानी टंकी, जिसकी क्षमता 2000 किलोलीटर है, में पूर्ण रूप से जलभराव किया जा रहा है। वहीं 3200 किलोलीटर क्षमता वाली नई पानी टंकी में वर्तमान में लगभग 80 से 85 प्रतिशत तक ही जलभराव हो पा रहा है। निगम प्रशासन ने बताया कि ग्रीष्मकाल के दौरान शहर के अधिकांश बोरवेलों का जलस्तर काफी नीचे चला गया है। इसके अलावा गर्मी के मौसम में टैंकरों के माध्यम से अतिरिक्त जलापूर्ति तथा वाटर बैलेंसिंग की आवश्यकता के कारण भी नई भनपुरी टंकी में अपेक्षित स्तर तक पानी संग्रहित नहीं हो पा रहा है। चूंकि यह टंकी जल वितरण व्यवस्था के अंतिम छोर पर स्थित है, इसलिए तकनीकी कारणों से जलभराव प्रभावित हो रहा है। निगम अधिकारियों ने कहा है कि आगामी दिनों में जलभराव की स्थिति में सुधार करते हुए नई टंकी में पर्याप्त मात्रा में पानी संग्रहित किया जाएगा, जिससे नियमित और सुचारु जलप्रदाय सुनिश्चित किया जा सके। बंजारी माता वार्ड के अंतर्गत आने वाले रामेश्वर नगर, बुनियाद नगर, कमल चौक और केबिनपारा जैसे क्षेत्रों में टंकी के टेल एंड पर होने के कारण पानी अपेक्षाकृत कम मात्रा में पहुंच रहा है। इस स्थिति को देखते हुए निगम द्वारा विभागीय एवं किराये के टैंकरों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/01 जून 2026