रायपुर (ईएमएस)। नगर पालिक निगम रायपुर ने अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जोन क्रमांक 1 क्षेत्र के यतियतन लाल वार्ड क्रमांक 4 अंतर्गत विंध्यनगर में निर्मित चार अवैध ब्लॉकों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। कार्रवाई के दौरान जोन-1 के जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा के मार्गदर्शन में नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। इस दौरान कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता शरद देशमुख सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। नगर निगम के अनुसार विंध्यनगर क्षेत्र में चार ब्लॉकों का निर्माण बिना आवश्यक स्वीकृति एवं नियमों के विपरीत किया गया था। मामले की जांच और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निवेश विभाग द्वारा अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई। जोन कमिश्नर ने बताया कि उषा मिश्रा, देवचंद मिश्रा और रानी मिश्रा द्वारा किए गए अवैध चार ब्लॉक निर्माण को नियमानुसार नोटिस एवं अन्य प्रक्रियाओं के बाद तोड़ा गया। कार्रवाई नगर निगम अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के अनुरूप की गई। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/01 जून 2026