- उप पुलिस महानिरीक्षक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया प्रशिक्षण का शुभारंभ - टीओटी मॉडल के तहत पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से दिया जाएगा प्रशिक्षण भोपाल(ईएमएस)। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार आगामी सिंहस्थ-2028 के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भोपाल (देहात) पुलिस द्वारा प्रथम प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ रक्षित केंद्र भोपाल (देहात) में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सिंहस्थ-2028 भोपाल ग्रामीण रेंज के नोडल अधिकारी उप पुलिस महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल व पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भोपाल (देहात) जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। - आयोजन के सफल संचालन के लिए पुलिस बल का हर परिस्थिति में दक्ष होना आवश्यक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जहां करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे विशाल आयोजन के सफल संचालन के लिए पुलिस बल का प्रशिक्षित, अनुशासित एवं तकनीकी रूप से दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण गंभीरता एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया। - ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स मॉडल के माध्यम से पुलिस बल को दी जायेगी ट्रैनिंग पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित यह प्रथम प्रशिक्षण सत्र 1 जून से 6 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से नामांकित अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मिलित किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया गया कि ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (टीओटी) मॉडल के माध्यम से भोपाल (देहात) जिले के शत-प्रतिशत पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स सूबेदार नरेंद्र त्रिपाठी एवं उप निरीक्षक श्री रोहित नगर द्वारा जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे सिंहस्थ-2028 के दौरान उत्कृष्ट पुलिसिंग एवं प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। - दी जायेगी भीड़ प्रबंधन, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थतियों सहित अन्य बिदुंओ पर ट्रैनिंग प्रशिक्षण के दौरान पुलिस बल को भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन, आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया, वीआईपी सुरक्षा, संचार समन्वय, श्रद्धालुओं की सहायता, मानव व्यवहार प्रबंधन तथा आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों से संबंधित विषयों पर व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। सिंहस्थ-2028 प्रशिक्षण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का पर्यवेक्षण एवं समन्वय किया जा रहा है। प्रशिक्षण का संचालन रक्षित निरीक्षक रक्षित केंद्र भोपाल (देहात) श्री श्याम किशोर झरवड़े द्वारा किया गया। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्धारित अवधि में प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण के उपरांत प्रशिक्षित पुलिस बल आगामी सिंहस्थ-2028 के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी दायित्वों के निर्वहन हेतु पूर्ण रूप से तैयार रहेगा। जुनेद / 1 जून