अंतर्राष्ट्रीय
01-Jun-2026


न्यूयॉर्क (ईएमएस)। अमेरिका के सबसे बड़े शहर न्यूयॉर्क में इस साल आयोजित “इजरायल डे परेड” उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब शहर के मेयर जोहरान ममदानी इसमें शामिल नहीं हुए। बताया जा रहा है कि पिछले 62 वर्षों में यह पहला मौका है, जब किसी मौजूदा न्यूयॉर्क मेयर ने इस परेड में हिस्सा नहीं लिया। इस फैसले ने अमेरिकी राजनीति और यहूदी समुदाय के बीच नई बहस छेड़ दी है। जोहरान ममदानी ने अपने निर्णय को लेकर कहा कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान ही स्पष्ट कर दिया था कि वह इजरायली सरकार की नीतियों को लेकर अपनी आलोचनात्मक सोच के कारण इस परेड में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि उनका रुख फिलिस्तीनी अधिकारों के समर्थन से जुड़ा है, लेकिन इससे यह नहीं समझा जाना चाहिए कि वह न्यूयॉर्क के यहूदी समुदाय के खिलाफ हैं। हालांकि, उनके इस फैसले पर कई यहूदी संगठनों और राजनीतिक नेताओं ने नाराजगी जताई। यहूदी धर्मगुरु मार्क श्नायर ने इसे समुदाय के प्रति असम्मान बताया। वहीं कई आलोचकों का कहना है कि यह परेड केवल इजरायल के समर्थन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि न्यूयॉर्क के यहूदी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान और एकजुटता का प्रतीक भी है। दूसरी ओर, न्यूयॉर्क पुलिस आयुक्त जेसिका टिश परेड में शामिल हुईं और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियों की जानकारी दी। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम के लिए अब तक की सबसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुबोध/०१-०६-२०२६