हाथरस (ईएमएस)। इगलास रोड स्थित गांव टुकसान के पास सोमवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बाइक के सामने अचानक आवारा कुत्ता आ जाने से चालक संतुलन खो बैठा, जिससे पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।अलीगढ़ जिले के गौंडा थाना क्षेत्र के गांव गिरोडा निवासी मुनीश देवी (52) अपने पुत्र अनिल के साथ बाइक से गांव लहरा में दवा लेने जा रही थीं। टुकसान के निकट अचानक कुत्ता सामने आने पर बाइक अनियंत्रित हो गई और मुनीश देवी सड़क पर गिर पड़ीं।स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे पांच संतानों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। घटना से परिजनों में शोक व्याप्त है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 01 जून 2026