--बैठक को सम्बोधित करतीं ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे हाथरस (ईएमएस)। विकासखंड हाथरस के सभागार में ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ/बाल विवाह टास्क फोर्स की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे ने की।बैठक में ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा बाल विवाह की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने का आह्वान किया।महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, घरेलू हिंसा, बाल श्रम और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम सहित विभिन्न योजनाओं एवं कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं के प्रति सामाजिक भेदभाव समाप्त करने पर भी जोर दिया।बैठक में बीएमएम नीलिमा, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, सुपरवाइजर सरोज तथा महिला कल्याण विभाग की शिवानी और बंटी सहित विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 01 जून 2026