पंचेरा के जंगल में मिला शव, वन विभाग ने किया अंतिम संस्कार बालाघाट (ईएमएस). क्षेत्र के ग्राम पंचेरा स्थित वन क्षेत्र में सोमवार 1 जून की सुबह एक तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। वन विभाग के बीट गार्ड एवं चौकीदार के नियमित भ्रमण के दौरान सुबह करीब 7 बजे तेंदुए का शव जंगल में देखा गया, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई। इसके बाद पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार तेंदुए की मृत्यु भूख, प्यास एवं अत्यधिक गर्मी (हीट स्ट्रोक) के कारण होना पाई गई। शिकार, संदिग्ध गतिविधि के नहीं मिले संकेत वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में भीषण गर्मी का प्रभाव बना हुआ है, जिसके चलते वन्यजीवों को भोजन और पानी की उपलब्धता में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की शिकार अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम के उपरांत वन विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तेंदुए के शव का अंतिम संस्कार (शवदाह) किया गया। इस दौरान तहसीलदार मंजूला महोबिया सहित वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। क्षेत्र में लगातार हो रही निगरानी वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है तथा गर्मी के मौसम में वन क्षेत्रों के जलस्रोतों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि वन्य प्राणियों को पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।