मनोरंजन
02-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने उस दावे पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें कहा गया था कि फिल्म ‘देवदास’ के लोकप्रिय गीत ‘डोला रे डोला’ की शूटिंग के दौरान वह गर्भवती थीं। माधुरी ने इस पूरे मामले पर अपनी बात रखते हुए अफवाहों को खारिज कर दिया है। यह दावा प्रसिद्ध कोरियोग्राफर सरोज खान की पूर्व सहयोगी रुबीना खान ने एक इंटरव्यू में किया था। जब माधुरी से इस दावे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “अरिन का जन्म 2003 में हुआ था, इसलिए आप खुद हिसाब लगा सकते हैं।” अभिनेत्री का यह जवाब साफ संकेत देता है कि ‘डोला रे डोला’ की शूटिंग के समय उनके गर्भवती होने की बात तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। माधुरी के बड़े बेटे अरिन नेने का जन्म वर्ष 2003 में हुआ था, जबकि फिल्म ‘देवदास’ वर्ष 2002 में रिलीज हुई थी। हालांकि माधुरी ने यह जरूर स्वीकार किया कि उस समय उनके लिए फिल्म की शूटिंग करना आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि शादी के बाद वह अमेरिका और भारत के बीच लगातार यात्रा कर रही थीं। अभिनेत्री के अनुसार, उन्हें शूटिंग के लिए मुंबई आना पड़ता था और काम खत्म होते ही वापस लौटना पड़ता था। उन्होंने कहा कि फिल्म के अधिकांश हिस्सों की शूटिंग रात में हुई थी, जिससे काम और भी चुनौतीपूर्ण हो गया था। लगातार यात्रा और व्यस्त कार्यक्रम के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि माधुरी दीक्षित ने वर्ष 1999 में हृदय रोग विशेषज्ञ श्रीराम नेने से विवाह किया था। शादी के बाद वह अमेरिका के डेनवर शहर में रहने लगी थीं। इसके बावजूद उन्होंने अपने अभिनय करियर को जारी रखा और समय-समय पर भारत आकर फिल्मों की शूटिंग करती रहीं। ‘देवदास’ उन महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल है, जिनमें उन्होंने शादी के बाद काम किया था। फिल्म ‘देवदास’ में शाहरुख खान ने मुख्य भूमिका निभाई थी, जबकि ऐश्वर्या राय बच्चन पारो और माधुरी दीक्षित चंद्रमुखी के किरदार में नजर आई थीं। फिल्म का गीत ‘डोला रे डोला’ आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय नृत्य गीतों में गिना जाता है। इस गीत में माधुरी और ऐश्वर्या की शानदार प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा था। दरअसल, कुछ दिन पहले रुबीना खान ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि गीत की शूटिंग के दौरान माधुरी चार महीने की गर्भवती थीं और उन्हें तेज बुखार भी था। उन्होंने कहा था कि एक विशेष नृत्य मुद्रा को पूरा करने में अभिनेत्री को काफी परेशानी हुई थी, लेकिन उन्होंने कभी स्टेप बदलने की मांग नहीं की और पूरी लगन के साथ शूटिंग जारी रखी। हालांकि अब माधुरी के बयान के बाद इन दावों पर विराम लग गया है। सुदामा/ईएमएस 02 जून 2026