अंतर्राष्ट्रीय
02-Jun-2026
...


-फोन कॉल पर जमकर सुनाई खरी-खोटी वाशिंगटन(ईएमएस)। कभी दोस्ती कर ईरान पर मिलकर टूटने वाले अमेरिका और इजराइल अब एक दूसरे पर खुन्नस निकालते नजर आ रहे हैं। ये तल्खी कई दिनों से चल रही थी लेकिन बीते रोज सभी हदे उस वक्त पार हो गई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को न केवल लताड़ लगाई बल्कि यहां तक कह दिया कि तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो। अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक सूत्रों और फोन कॉल की जानकारी रखने वाले वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से यह बड़ा खुलासा हुआ है कि लेबनान में इजरायल द्वारा लगातार की जा रही भीषण बमबारी और नए मोर्चे खोलने से भड़के डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को फोन कॉल पर नेतन्याहू की जमकर क्लास लगाई। दोनों शीर्ष नेताओं के बीच हुई यह बातचीत बेहद तनावपूर्ण, तीखी और तल्ख रही। जानकारी के मुताबिक ट्रंप इस कदर नाराज थे कि उन्होंने गुस्से में नेतन्याहू को सीधे तौर पर एहसानफरामोश तक कह डाला। बातचीत का ब्यौरा देते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर चिल्लाते हुए इजरायली प्रधानमंत्री से कहा कि तुम पूरी तरह पागल हो चुके हो। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर वह सत्ता में न होते तो नेतन्याहू आज जेल की सलाखों के पीछे होते। ट्रंप ने गुस्से में कहा कि वह लगातार इजरायल और उनकी जान बचा रहे हैं, लेकिन उनकी इन लापरवाह हरकतों की वजह से आज दुनिया का हर देश उनसे और इजरायल से नफरत करने लगा है। दरअसल ट्रंप के इस कदर आगबबूला होने के पीछे मुख्य वजह यह है कि इजरायल ने लेबनान को दहला कर अमेरिका के लिए कई मोर्चों पर बड़ी कूटनीतिक दिक्कतें पैदा कर दी हैं। ईरान ने सीजफायर तोड़ने का सीधा आरोप लगाते हुए अब साफ कर दिया है कि वह ऐसी तनावपूर्ण स्थिति में अमेरिका के साथ किसी भी तरह की शांति वार्ता जारी नहीं रखेगा। ऐसे में ट्रंप द्वारा पिछले कई हफ्तों से शांति बहाली के लिए की जा रही मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। वहीं कई पश्चिमी देशों ने भी इजरायल के इन ताजा हमलों की कड़ी निंदा की है। ट्रंप ने इस फोन कॉल पर नेतन्याहू को सख्त लहजे में चेतावनी दे दी है कि अगर इजरायल ने लेबनान पर तत्काल प्रभाव से अपने हमले नहीं रोके, तो इजरायल पूरी दुनिया में बिल्कुल अलग-थलग पड़ जाएगा और भविष्य में अमेरिका चाहकर भी उसकी कोई मदद नहीं कर पाएगा। इस बीच ईरान का पारा भी लगातार चढ़ता जा रहा है। ईरान ने लेबनान में हुए हमलों के विरोध में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को ब्लॉक करने की बात दोहराई है, जिससे आने वाले दिनों में वैश्विक ऊर्जा और तेल संकट और ज्यादा गहरा सकता है। ईरान ने इसके लिए सीधे तौर पर अमेरिका को बड़ी कीमत चुकाने की धमकी भी दी है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालिबाफ ने सोमवार को अमेरिका और इजरायल को संयुक्त रूप से सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी कर ईरान पर सैन्य दबाव बढ़ाना और लेबनान में आम मासूम नागरिकों की जान लेना उन्हें बेहद भारी पड़ेगा। वीरेंद्र/ईएमएस/02जून2026