अंतर्राष्ट्रीय
02-Jun-2026
...


हमलावर ने खुद को गोली मारकर किया खत्म वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिका का आयोवा राज्य सोमवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। यहाँ के मुस्काटीन शहर में कई स्थानों पर हुई भीषण गोलीबारी में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक संदिग्ध हमलावर ने अलग-अलग जगहों पर अंधाधुंध फायरिंग करके 6 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी और बाद में पुलिस घेराबंदी के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह पूरी घटना एक गंभीर पारिवारिक विवाद का नतीजा हो सकती है और सभी मृतक आरोपी के ही परिवार के सदस्य थे। यह दिल दहला देने वाली वारदात दोपहर के वक्त घटित हुई, जब हमलावर ने शहर के दो अलग-अलग घरों और एक दुकान में जबरन घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। स्थानीय पुलिस प्रमुख के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे विभाग को गोलीबारी की सूचना मिली थी। जब तक पुलिस बल मौके पर पहुँचा, तब तक काफी देर हो चुकी थी और प्राथमिक घटनास्थल से चार लोगों के शव बरामद किए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद 52 वर्षीय संदिग्ध आरोपी रयान विलिस मैकफारलैंड मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तुरंत व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर उसे एक स्थान पर खोज निकाला। हालांकि, जैसे ही पुलिस अधिकारी उसे गिरफ्तार करने के लिए आगे बढ़े, आरोपी ने खुद पर बंदूक तान दी और गोली चला दी। डॉक्टरों और पुलिस की टीम ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस को कुछ और जगहों पर भी हिंसा की जानकारी मिली। गहन तलाशी के दौरान एक अन्य घर और पास की एक दुकान से दो और शव बरामद हुए, जिनकी मौत भी गोली लगने के कारण हुई थी। पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि यह पूरी घटना एक घरेलू विवाद का दुखद परिणाम लगती है। फिलहाल पुलिस सभी मृतकों की पहचान और घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। वीरेंद्र/ईएमएस/02जून2026