क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


- अमेरिकी कोच क्रिश्चियन लिलीरूस ने सिखाए खेल के गुर; सफल प्रशिक्षकों को मिले प्रमाण-पत्र इंदौर (ईएमएस)। कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के तत्वावधान में प्रशिक्षकों (कोचेस) के डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत आयोजित लेवल-1 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का द्वितीय चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस उच्चस्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले सभी 30 प्रतिभागी प्रशिक्षकों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर लेवल-1 कोच की आधिकारिक मान्यता प्राप्त कर ली है। अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) के कोर्स प्रमुख क्रिश्चियन लिलीरूस (अमेरिका) ने प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को टेबल टेनिस के तकनीकी, व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने ऑन-टेबल प्रशिक्षण के साथ खेल की बारीकियों एवं आधुनिक कोचिंग तकनीकों से भी प्रशिक्षकों को अवगत कराया। इस शिविर की खास बात यह रही कि इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षकों के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका महाद्वीप के लेसोथो देश के चबेली इस्माइल ने भी विशेष रूप से भाग लिया। - सफल प्रशिक्षकों को मिले प्रमाण-पत्र शिविर के समापन अवसर पर सफल रहे सभी 30 प्रशिक्षकों को कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समापन समारोह मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन के पदाधिकारी जयेश आचार्य, प्रमोद गंगराड़े, मोहन कुमार तथा नीलेश वेद विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने सफल कोचेस को बधाई दी। प्रकाश/01 जून 2026