गाजियाबाद (ईएमएस)। गाजियाबाद के परिवार परामर्श केंद्र में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसमें महिला ने शादी के दो दिन बाद ही ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। विवाहिता ने बताया कि ससुराल वाले उस पर घूंघट करने का दबाव बना रहे हैं। इस पर महिला ने कहा कि यदि मैं घूंघट करूंगी तो लड़का भी शेरवानी पहनकर घूमे। भोजपुर की ममता की एक साल पहले अलवर, राजस्थान के अंकुर ( दोनों बदला हुआ नाम) से शादी हुई थी। ममता गृहिणी हैं और अंकुर निजी कंपनी में नौकरी करता है। ममता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उस पर घूंघट करने का भारी मानसिक दबाव बनाया जा रहा था, जो उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता का हनन है। पिछले महीने ही दोनों की शादी को एक साल हुआ है। काउंसलर्स ने मामले की सुनवाई कर दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। कई सुनवाई के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया और दोनों ने समझौता करने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामले की फाइल परामर्श केंद्र से बंद कर कोर्ट भेज दी गई है। दोनों ने तलाक की अर्जी कोर्ट में डाली है। परामर्श केंद्र के काउंसलर्स ने बताया कि इन दिनों शादीशुदा जोड़ों के बीच वैचारिक मतभेद और आधुनिक जीवनशैली को लेकर विवाद तेजी से बढ़ रहे हैं। - नई दिल्ली/ईएमएस/02/ जून /2026