धमतरी (ईएमएस)। जिले में सोशल मीडिया पर आदिवासी समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गांधी मैदान में एकत्रित होकर समाजजनों ने प्रदर्शन किया और इसके बाद एसडीएम कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा। साथ ही संबंधित मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की गई। सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई, आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज अध्यक्ष जयपाल सिंह ध्रुव, और नरसिंह मंडावी सहित अन्य पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी से आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और इससे व्यापक आक्रोश है। समाज ने मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपित के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए और निर्धारित समय सीमा में न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया जाए। इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान समाजजनों ने यह भी आपत्ति जताई कि एक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा ‘आदिवासी’ की जगह ‘वनवासी’ शब्द के प्रयोग को लेकर भी विरोध दर्ज कराया गया। समाज का कहना है कि आदिवासी समुदाय मूल निवासी है और इस तरह की शब्दावली उनके सम्मान के खिलाफ है। इस मुद्दे को लेकर एसडीएम कार्यालय में राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम भी ज्ञापन सौंपा गया है। - (ईएमएस)02 जून 2026