- परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप गुना (ईएमएस)। जिले के भौंरा गिर्द निवासी एक युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवक अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था, जहां हुए विवाद और कथित मारपीट के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था। इसी तनाव में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी जान चली गई। जानकारी के अनुसार भौंरा गिर्द निवासी अमीन खान सोमवार को अशोकनगर स्थित अपनी ससुराल से लौटकर गुना आया था। परिजनों के मुताबिक वह नानाखेड़ी क्षेत्र में अपने चाचा की टैक्सी में बैठा था, तभी उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। चाचा ने कारण पूछा तो अमीन ने बताया कि वह काफी तनाव में है और उसने सल्फास की गोलियां खा ली हैं। इसके बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार शुरू किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण सोमवार रात उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतक के भाई सलमान ने आरोप लगाया कि अमीन अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए ससुराल गया था, लेकिन वहां उसके साथ मारपीट की गई और पत्नी को भेजने से भी मना कर दिया गया। उनका कहना है कि इसी घटना से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। परिजनों के अनुसार अमीन की शादी करीब 9 वर्ष पहले हुई थी और उसका एक बच्चा भी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस ने मामले को जांच में लेकर परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।। सीताराम नाटानी