आरा, (ईएमएस)। बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग बीवीजान के हाता में हुई गोलीबारी की घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घायल महिला की पहचान मौलाबाग बीवीजान के हाता निवासी धनजी कुमार की 21 वर्षीय पत्नी सपना देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बच्चों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बड़े लोगों तक पहुंच गया और देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया। बताया गया है कि विवाद के दौरान चली गोली सपना देवी के पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल घायल महिला को शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा गोली चलाने वाले आरोपितों की पहचान करने में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद गोलीबारी की घटना सामने आई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। उधर पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - ०२ जून/२०२६/ईएमएस