राज्य
02-Jun-2026


पटना, (ईएमएस)। बिहार में मौसम का मिजाज लगातार गर्म होता जा रहा है। पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बढ़ती गर्मी और उमस के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मौसम शुष्क रहेगा और अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है। वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार 4 जून तक तापमान में लगातार वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार वाल्मीकिनगर में 3 डिग्री, बक्सर में 3.7 डिग्री, कटिहार में 3 डिग्री, डेहरी में 3.6 डिग्री, औरंगाबाद में 3.7 डिग्री, अरवल में 3.3 डिग्री, गया में 3.2 डिग्री, राजगीर में 2.3 डिग्री, शेखपुरा में 2.4 डिग्री, दरभंगा में 3.1 डिग्री, सुपौल में 1.5 डिग्री तथा पूर्णिया में 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अरवल में अधिकतम 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। दरअसल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पछुआ हवा का असर बना हुआ है, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। यह स्थिति अगले तीन से चार दिनों तक जारी रह सकती है। इसके चलते दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि हवा में नमी 75 प्रतिशत या उससे अधिक रहने की संभावना है। इससे उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने 5, 6 और 7 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। सप्ताह के अन्य दिनों में मौसम सामान्यतः साफ रहने की संभावना है, हालांकि आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। संतोष झा- ०२ जून/२०२६/ईएमएस