क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


- सीसीटीवी में कैद हुई वारदात गुना (ईएमएस)। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित भार्गव कॉलोनी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर सफाई कर रही एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने लाखों रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार भार्गव कॉलोनी निवासी प्रेमा किरार सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार धीमी होते ही पीछे बैठे युवक ने महिला के गले पर झपट्टा मारते हुए उनका सोने का मंगलसूत्र खींच लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही तीनों बदमाश बाइक दौड़ाकर मौके से फरार हो गए। महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। पीड़ित परिवार ने बताया कि लूटा गया मंगलसूत्र करीब 4 तोला वजनी है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 6.5 लाख रुपए आंकी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड होना सामने आया है। फुटेज में बाइक सवार संदिग्ध युवकों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। रिहायशी इलाके में सुबह के समय हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय रहवासियों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।। सीताराम नाटानी