क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


- हादसे के बाद कथित आरोपी ट्रैलर चालक वाहन छोड़ हुआ फरार कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में भीमसेनिया जंगल के पास एक ट्रैलर ने मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक बाइक सवार की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कथित आरोपी ट्रेलर वाहन चालक छोड़कर घटना स्थल से फरार हो गया है। जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बसीबार निवासी लोंगदास और रामलाल चौहान (40 वर्ष) नामक व्यक्ति अपना काम खत्म करके मोटरसाइकिल से वापस अपने ग्राम लौट रहे थे। इसी दौरान भीमसेनिया जंगल के पास मुख्य सड़क पर सामने से आ रहे एक ट्रैलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे लोंगदास के सिर पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गयी। वहीं, उनके साथी रामलाल चौहान को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया। चिकित्सालय में चिकित्सको ने जांच के बाद लोंगदास को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामलाल की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया है। मृतक के भाई लगनदास ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से इस दुर्घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लोंगदास पेशे से किसान थे और खेती-किसानी के जरिए ही अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात ट्रैलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ट्रैलर को जब्त कर लिया उसके नंबर के आधार पर फरार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम कराकर शवअंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। - 02 जून