- यातायात में बाधा बन रहे 200 ठेले हटाए - यातायात सुधारने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने की हुई कार्रवाई ब्यावरा(ईएमएस)l मंगलवार को नगर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर पालिका परिषद बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत पुराने एबी रोड समेत प्रमुख मार्गों से करीब 200 फल और सब्जी विक्रेताओं के ठेले हटाए गए। नगर पालिका ने इन ठेला व्यापारियों को पंचमुखी मंदिर के सामने एक निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने की अनुमति दी है। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि कोई व्यापारी फुटपाथ या सड़क किनारे ठेला लगाता पाया गया, तो उसके खिलाफ जुर्माने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई से पहले नगर में मुनादी कराकर व्यापारियों और आम नागरिकों को सूचना दी गई थी। मंगलवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी इकरार अहमद ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की निगरानी की। यह कार्रवाई नगर पालिका के अमले और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में पुराने एबी रोड, राजगढ़ रोड, मातृछाया कॉम्पलेक्स और पंचमुखी रोड क्षेत्रों में की गई। अभियान के दौरान अधिकारियों ने आसपास की गलियों और वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर मकानों के सामने बनी स्थायी एवं अस्थायी दांतियां, चबूतरे और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। कोली मोहल्ला क्षेत्र में रहवासियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को भी नगर पालिका ने हटवाया। - राज्यमंत्री की मौजूदगी में लिया था फैसला कुछ दिन पहले स्थानीय रेस्ट हाउस में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक हुई थी। इस बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों से ठेले हटाकर उन्हें व्यवस्थित स्थान पर स्थापित करने का निर्णय लिया गया था। बैठक में राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, नगर पालिका अध्यक्ष लीला देवी कुशवाह, अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, एसडीएम गोविंद दुबे, तहसीलदार, एसडीओपी प्रकाश शर्मा , थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और मुख्य नगर पालिका अधिकारी इकरार अहमद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वही मुख्य नगर पालिका अधिकारी इकरार अहमद ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अवैध कब्जों और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान उपयंत्री रूपेश कुमार नेताम, नगर पालिका का अतिक्रमण अमला और पुलिस बल मौजूद था। - 2 जून 2026