राष्ट्रीय
02-Jun-2026


शिमला (ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश में बीते एक सप्ताह से जारी रुक-रुक कर बारिश का दौर अगले छह दिनों तक जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए कुछ जिलों में चेतावनी जारी की है। इस मौसमी बदलाव और लगातार हो रही बारिश ने पहाड़ी प्रदेश के मौसम को बेहद सुहावना बना दिया है, जिसका देश-विदेश से आ रहे पर्यटक खूब आनंद ले रहे हैं। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मैदानी इलाकों की गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग हिमाचल जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शिमला सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह से धूप खिली रही, हालांकि कुछेक भागों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मंगलवार, 3 जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में आंधी-तूफान के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 जून को किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी सभी जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके बाद, 5 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट रहेगा, जबकि 6 और 7 जून को भी राज्य में बारिश जारी रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। शिमला में 12 मिमी, सोलन में 6.8 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 12.2 मिमी, कल्पा में 1.8 मिमी और कुफरी में 12 मिमी वर्षा हुई। इस बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया है। चंबा का पारा सामान्य की तुलना में सर्वाधिक 8.7 डिग्री सेल्सियस कम होकर 30.3 डिग्री, कांगड़ा का 6.3 डिग्री की गिरावट के साथ 32.6 डिग्री, नाहन का 4.0 डिग्री गिरकर 29.9 डिग्री, मनाली का 2.0 डिग्री लुढ़ककर 23.5 डिग्री और शिमला का भी 2.0 डिग्री कम होकर 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह गिरावट भीषण गर्मी से राहत दिलाने वाली साबित हुई है। आशीष दुबे / 02 जून 2026