रांची (ईएमएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की डुमरिया शाखा के ब्रांच मैनेजर को 77,000 रुपये की रिश्वत रंगे लेते हुए हाथों गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 1 जून को गोड्डा जिले में हुई, जब आरोपी शिकायतकर्ता से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाय) के तहत बीमा क्लेम और बैंक खाते से जुड़ी सेवाओं के लिए रिश्वत ले रहा था। सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, यह मामला 31 मई को दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी दिवंगत मां के 2 लाख रुपये के बीमा क्लेम को प्रोसेस करने के बदले ब्रांच मैनेजर ने 60,000 रुपये की मांग की थी। इसके अलावा, शिकायतकर्ता की मां के निधन के बाद उनके नाम पर स्थानांतरित खाते से 35,000 रुपये की राशि निकालने पर लगी रोक हटाने के लिए 17,000 रुपये अतिरिक्त मांगे गए, जिससे कुल रिश्वत की राशि 77,000 रुपये हो गई। शिकायत की पुष्टि होने पर, सीबीआई ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सुनियोजित जाल बिछाया। इसी ऑपरेशन के तहत आरोपी ब्रांच मैनेजर को रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद, सीबीआई ने आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसरों में तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। गिरफ्तार ब्रांच मैनेजर को मंगलवार को धनबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा, जहां सीबीआई उसकी आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी। सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और एजेंसी यह भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी ने पहले भी इसी तरह की अनियमितताएं या भ्रष्टाचार किया है या नहीं। आशीष दुबे / 02 जून 2026